सड़क दुघर्टना स्थल का लिया जायजा; छठी मील के पास तीन दिन पहले हुई सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के चार सदस्यों की हुई थी मौत
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर शहर के समीप छठी मील के पास तीन दिन पहले हुई सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत के दर्दनाक हादसे के बाद सोमवार को प्रशासन व पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। खुद जिला कलक्टर व पुलिस अधीक्षक अन्य अधिकारियों के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और ऐसी घटनाओं पर तुरंत रोक लगाने के लिए सड़क सुरक्षा अभियान चलाने के निर्देश दिए। अब प्रशासन अभियान के दौरान तकनीक के जरिए जिले भर में दुर्घटना संभावित स्थलों को तलाशेगा। साथ ही वहां सीसीटीवी कैमरे एवं अन्य तकनीक के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उपाय करेगा, जिससे जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शरण कांबले ने बताया कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए उपाय करने में जुटा है। इसके लिए पुलिस की ओर से जिले में मंगलवार से सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जाएगा। अभियान में प्रशासन की ओर से उन स्थानों की तलाश की जाएगी, जहां ज्यादा संख्या में सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। इसके लिए पूर्व में हुई बड़ी दुर्घटनाओं का भी अध्ययन किया जाएगा। साथ ही ऐसे एक्सीडेंट स्थलों के चयन के लिए तकनीक का सहारा लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह सड़क सुरक्षा अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक जिले में ज्यादातर दुर्घटना संभावित स्थलों को चिन्हित नहीं कर लिया जाए।