भिवाड़ी टोल प्लाजा पर देर रात टोल कर्मियों पर हमला कार में सवार युवकों ने शिफ्ट इंचार्ज समेत अन्य की मारपीट की
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर जिले के समीप स्थित खैरथल तिजारा जिले के भिवाड़ी खिजुरिवास टोल टैक्स पर देर रात टोल कर्मियों से मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यह घटना बीती देर रात करीब दो बजे की है, जब एक सफेद रंग की वैगनआर कार टोल प्लाज़ा पर आकर रुकी। कार में सवार तीन से चार लोग टोल टैक्स को लेकर बहस करने लगे। कुछ ही देर में यह बहस इतना बढ़ गई कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। गाड़ी सवार युवकों ने टोल कर्मी और वहां मौजूद शिफ्ट इंचार्ज के साथ हाथापाई शुरू कर दी। इस दौरान टोलकर्मी को आंखों सहित कई जगह चोट आई है। मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी युवक मारपीट करने के बाद वहां से फरार हो गए। घटना की पूरी वारदात टोल प्लाज़ा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि कुछ लोग टोलकर्मी के साथ मारपीट कर रहे हैं। घटना के बाद टोल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और भिवाड़ी थाने में मामला दर्ज कराया है। भिवाड़ी पुलिस ने टोलकर्मियों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।