विवाहिता की संदिग्ध मौत: पति समेत 8 पर गला घोंटकर हत्या का आरोप, 1 माह पहले दिया था बच्चे को जन्म
रामगढ़ (अलवर)। नौगांवा थाना क्षेत्र की रघुनाथगढ़ कॉलोनी में 32 वर्षीय विवाहिता साईना की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल के 8 लोगों पर साजिश रचकर गला घोंटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हरियाणा के तावडू (नूंह) निवासी सद्दाम ने पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसकी बहन साईना की शादी करीब 12-13 साल पहले भडंगपुर निवासी आस मोहम्मद के साथ हुई थी। दंपती के तीन बच्चे हैं, जिनमें से छोटे बेटे का जन्म महज एक महीने पहले ही हुआ था। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल जन उसे प्रताड़ित कर मारपीट करते थे।
मृतका के भाई के अनुसार, घटना से दो दिन पहले साईना ने फोन पर मारपीट और परेशानी की बात कही थी। परिजन आपसी बातचीत से मामला सुलझाने की तैयारी कर ही रहे थे कि बुधवार रात करीब 2 बजे पति आस मोहम्मद ने रिश्तेदार को फोन कर साईना की मौत की सूचना दी। आरोप है कि साईना की हत्या रघुनाथगढ़ में करके शव को हरियाणा के भडंगपुर ले जाया गया।
थानाधिकारी हरदयाल यादव ने बताया कि मृतका के भाई की शिकायत पर पति आस मोहम्मद, ससुर इलियास, सास रफीकन सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। शव का रामगढ़ अस्पताल की मॉर्च्युरी में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस हर पहलू से मामले की गहनता से जांच कर रही है।

