पुराने सिक्के खरीदने के नाम पर ठगी, तीन आरोपी गिरफ्तार: साइबर सेल की कार्रवाई में 5 मोबाइल और 2 बाइक जब्त
सीकरी (डीग) पुलिस ने 'ऑपरेशन एंटी वायरस' के तहत कार्रवाई करते हुए पुराने सिक्के महंगे दामों पर खरीदने का झांसा देकर लोगों को ठगने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है।
सीकरी थानाधिकारी टीकम सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में ठेकड़ी निवासी अहसान पुत्र साहून और अमरसिंह का बास निवासी जिलशाद पुत्र समसू शामिल हैं। साइबर सेल डीग से मिली साइबर धोखाधड़ी संबंधी शिकायत की लोकेशन के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की।
पुलिस जयश्री में बिजली घर के पास पहुंची, जहां तीनों आरोपी मोबाइल पर साइबर ठगी करते हुए पाए गए। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे चोरी के मोबाइल फोन में फर्जी सिम कार्ड का उपयोग करते थे। वे विभिन्न सोशल साइट्स पर पुराने सिक्के महंगे दामों पर खरीदने का झांसा देकर लोगों को ठगते थे और 'फाइल चार्ज' के नाम पर पैसे ऐंठते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच मोबाइल फोन और ठगी की रकम से खरीदी गई दो मोटरसाइकिलें जब्त की हैं।