साइबर ठग गिरफ्तार, सस्ते लैपटॉप बेचने का देता था झांसा
गोविंदगढ़ में पुलिस ने की कार्रवाई, पूर्व में भी दर्ज है मामला
अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में ऑनलाइन ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन साइबर संग्राम' के तहत एक साइबर ठग को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
थानाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने खेड़ली बहादुर के जंगल में दबिश दी। यहां से साहिल पुत्र खल्ली उर्फ खलील अहमद (23) निवासी खेड़ली बहादुर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी सोशल मीडिया पर सस्ते दामों पर लैपटॉप बेचने का झांसा देकर लोगों से ऑनलाइन ठगी करता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी साहिल के खिलाफ गोविंदगढ़ पुलिस थाने में साइबर ठगी का एक मामला पहले से ही दर्ज है, जो न्यायालय में विचाराधीन है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में पुलिस निरीक्षक मुकेश कुमार, एएसआई किशन लाल, बलराम, श्रीनाथ, मोहम्मद शरीफ और निर्भय सिंह शामिल थे।