अम्बेडकर डीबीटी वाउचर योजनान्तर्गत आनलाईन आवेदन 17 नवम्बर से 31 दिसम्बर तक
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित अम्बेडकर डीबीटी वाउचर योजनान्तर्गत सत्र 2025-26 में विभाग द्वारा 17 नवम्बर से 31 दिसम्बर 2025 तक ऑनलाईन आवेदन आमंत्रित किये जा रहे हैं।
संयुक्त निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग श्याम सुन्दर शर्मा ने बताया कि अम्बेडकर डीबीटी वाउचर योजनान्तर्गत जिला मुख्यालय पर संचालित राजकीय महाविद्यालयों में एससी, एसटी, ओबीसी, एसबीसी, ईडब्ल्यूएस वर्ग के स्नातक एवं स्नातकोत्तर (अकादमिक कोर्स) में नियमित अध्ययनरत छात्रों को भोजन, आवास एवं बिजली-पानी इत्यादि सुविधाओं हेतु पुनर्भरण राशि के रूप में 2 हजार रुपये प्रतिमाह के हिसाब से अधिकतम 10 माह का भुगतान किया जाता है। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए विद्यार्थी स्वयं या ई-मित्र के द्वारा एसएसओ पोर्टल पर https://SJMS.rajasthan.gov.in पर लॉगिन कर डीबीटी वाउचर स्कीम पर ऑनलाईन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि आवेदन हेतु पात्रता अथवा शर्तों, दिशा-निर्देशों का विस्तृत विवरण विभाग की वेबसाइट https://sje.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए जिला कार्यालय कमरा सं. 31 कलैक्ट्रेट परिसर भरतपुर में संपर्क कर सकते हैं।