सड़क सुरक्षा अभियान को लेकर सजग हुई अलवर पुलिस की कार्यवाही
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस ने सड़क सुरक्षा अभियान को और तेज कर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को एस एम डी सर्किल पर विशेष अभियान चलाया गया। अभियान की अगुवाई कर रहीं सीओ शिवानी ने बताया कि सड़क सुरक्षा अभियान के तहत नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है, ताकि लोगों की जान सुरक्षित रहे और दुर्घटनाओं में कमी आए।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट बाइक सवारों के खिलाफ पुलिस ने सख़्ती दिखाते हुए मौके पर ही चालान जारी किए। पुलिस टीम ने पूरे सर्किल पर नाकाबंदी कर एक-एक वाहन की जांच की। जिन चालकों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था या ट्रैफिक नियमों की अनदेखी की, उन्हें नियमानुसार चालान किया गया और भविष्य में नियमों का पालन करने की चेतावनी भी दी गई।
सीओ शिवानी ने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी के जीवन से जुड़ा गंभीर विषय है। लोग छोटी-छोटी लापरवाहियों के कारण बड़े हादसों का शिकार हो जाते हैं। ऐसे में पुलिस का उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि उनकी जान की सुरक्षा करना है। उन्होंने यह भी अपील की कि नागरिक स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और परिवार व समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें। पुलिस ने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और शहर के प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाली जगहों पर सख्त जांच की जाएगी। प्रशासन का मानना है कि जब तक लोग स्वयं जागरूक नहीं होंगे, तब तक सड़क हादसों पर रोक लगाना मुश्किल है। इसलिए अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को सुरक्षित और जिम्मेदार चालक बनाना है।