अंतरराज्यीय डीज़ल चोरी गिरोह का भंडाफोड़: चार आरोपी गिरफ्तार, पांच वाहन व 2000 लीटर डीज़ल–पेट्रोल बरामद
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय डीज़ल चोरी करने वाले सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। उद्योग नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार सदस्यों वसीम, शैरम, मोहम्मद और अकरम को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त पांच वाहनों—दो बोलेरो, एक पिकअप, एक सेंट्रो कार और एक स्विफ्ट कार—को जप्त किया है। साथ ही करीब 2000 लीटर से अधिक डीज़ल-पेट्रोल भी बरामद किया गया है।
एडिशनल एसपी शरणं कांबले ने बताया कि पूरे मामले की शुरुआत 6 मई 2023 को हुए एक मुकदमे से हुई। परिवादी रामकिशोर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपनी कंपनी की गाड़ी खड़ी कर सो गया था। सुबह उठने पर उसने देखा कि डीज़ल टंकी का ढक्कन टूटा हुआ था और वाहन में भरा 370 लीटर पूरा डीज़ल चोरी हो चुका था। इसी दौरान एक व्यक्ति ने रात करीब 3 बजे एक बोलेरो गाड़ी को संदिग्ध स्थिति में उसकी गाड़ी के पीछे खड़ा देखा था, जिसकी नंबर प्लेट टूटी हुई थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तकनीकी जांच और मुखबिर सूचना के जरिए आरोपियों तक पहुंचकर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। आरोपियों से 280 लीटर एथनॉल, 530 लीटर डीज़ल और 1080 लीटर पेट्रोल बरामद किया गया है। साथ ही चोरी के दौरान उपयोग किए जाने वाले उपकरण— कीप, नापने के कप, पाइप आदि—भी जप्त किए गए हैं।
फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों, चोरी के नेटवर्क और सप्लाई चैन की गहराई से जांच कर रही है। यह कार्रवाई अलवर पुलिस की अपराध पर नकेल कसने की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।।