भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में सोमवार को साप्ताहिक समीक्षा बैठक का आयोजन कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित किया गया, जिसमें सरकार की फ्लैगशिप योजनों, विकास कार्यों एवं विभागीय योजनाओं की प्र्र्रगति की समीक्षा की गई।
जिला कलक्टर ने कहा कि सभी विभाग राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं में पात्रजनों का चयन कर उन्हंे स्वप्रेरित होकर लाभान्वित करें। राज्य स्तर पर प्रत्येक योजना में आवंटित लक्ष्यों के अनुरूप सभी अधिकारी प्रत्येक सप्ताह लक्ष्य पूरे करें। उन्होंने कहा योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर पात्र जनों से अधिकारी संवाद बनाकर उन्हें योजनाओं के फायदे बताकर लक्ष्य पूरे करायें। विभागवार समीक्षा करते हुए उन्होंने पालनहार योजना के लाभार्थियों का सत्यापन करने के कार्य का शिक्षण संस्थाओं, ग्रामीण विकास के सहयोग से शीध्र पूरा करने के निर्देश दिये। उन्होंने विद्युत निगम को नवम्बर अंत तक फीडर सेग्रीगेशन के लक्ष्य 5 कार्य एवं वाइफरकेशन के 8 कार्य पूरा कराने का लक्ष्य निर्धारित किया।
जिला कलक्टर ने आयुष्यमान भारत अवसंरचना योजना में भवन निर्माण व मरम्मत के 3 कार्य आगामी 7 दिवस में पूरा करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि लाडो प्रोत्साहन योजना में बालिका के जन्म लेने पर उसे योजना का लाभ मिल सके इसके लिए अस्पतालों में दस्तावेजों की पूर्ति समय पर पूरी कराई जाये। उन्होंने लम्बित प्रकरणों में प्रति सप्ताह 50 का लक्ष्य लेकर लाभान्वित करने को कहा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आवास योजना के भुगतान, स्वच्छता अभियान के मानकों को पूरा करने के लिए ग्राम स्तर से निकाय स्तर तक जिम्मेदारी से कार्य किया जाये। उन्होंने किसानों को लाभान्वित करने के लिए सौर ऊर्जा आधारित पम्पसेट स्थापित लगाने हेतु पात्र किसानों से व्यक्तिगत सम्पर्क करने, फार्मपोंड के लिए जलभराव वाले क्षेत्रों के किसानों को सिचाई में वर्षा जल का महत्व बताने के निर्देश दिये।
जिला कलक्टर ने शहर के घुमन्तु, बेघर परिवारों, सड़क किनारे झौपडियां बनाकर रह रहे लोगों के लिए बीडीए एवं नगर निगम को स्थान का चयन कर आवंटन की कार्यवाही करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों, सड़को के विस्तार के समय ऐसे परिवारों को हटाने से पूर्व स्थान बताया जाये जिससे परेशानी नहीं हो। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग को सड़कों के पेचवर्क कार्य को 25 नवम्बर तक पूरा करने के निर्देश दिये। उन्होंने सभी विभागों को जिले में चल रहे विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा कराने को कहा। उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं की क्रियान्विति एवं सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज परिवादों के निस्तारण में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतें।
उन्होंने पर्यटन विकास के लिए बंध बारेठा बांध में बोटिंग के लिए स्थानीय ग्राम पंचायत के माध्यम से टंडर प्रक्रिया पूरी करवाने के निर्देश दिये ताकि बांध पर जाने वाले पर्यटकों को बोटिंग के द्वारा प्राकृतिक सौन्दर्य निहारने का अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि बांध के आसपास पर्यटकों के लिए सुविधाऐं भी विकसित करने का प्लान बनाने के निर्देश दिये।
इस अवसर पर अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन घनश्याम शर्मा, शहर राहुल सैनी, सचिव बीडीए सुरेश नवल, जिला आबकारी अधिकारी राजीव शर्मा, सहायक निदेशक लोक सेवाऐं भारती भारद्वाज, उपखंड अधिकारी भारती गुप्ता सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।