72वाँ अखिल भारतीय सहकार सप्ताह; "सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण विकास को सुदृढ़ बनाना” विषयक विचार गोष्ठी आयोजित
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) 72वें अखिल भारतीय सहकार सप्ताह कार्यक्रम की श्रृंखला के तहत भरतपुर सहकारी भूमि विकास बैंक लिमिटेड, भरतपुर द्वारा सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण विकास को सुदृढ़ बनाना विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन सुपर मार्केट स्थित बैंक के प्रधान कार्यालय में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बैंक के सचिव एवं उप निबंधक सहकारिता शचीन्द्र चतुर्वेदी ने की।
विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए चतुर्वेदी ने कहा कि सहकारिता ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, जो किसानों, श्रमिकों और ग्रामीण युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने बताया कि भूमि विकास बैंक द्वारा किसानों को दी जाने वाली दीर्घकालीन ऋण सुविधा, आधुनिक कृषि उपकरणों के लिए वित्तीय सहायता एवं भूमि सुधार कार्यों से ग्रामीण ढांचा मजबूत हो रहा है। उन्होंने सहकारी संस्थाओं के माध्यम से पारदर्शी संचालन, जनभागीदारी और वित्तीय अनुशासन को ग्रामीण प्रगति का मूल आधार बताया।
गोष्ठी में भूमि मूल्यांकन अधिकारी मुकेश सिंह, बैंक निदेशक मुरारी, सुरेन्द्र कुमार गर्ग, होतीसिंह, पप्पू सिंह, ईश्वरी प्रसाद शर्मा, पीयूष कुमार सहित ग्रामीण क्षेत्र से आए रामलखन एवं अन्य सदस्यों ने सहकारिता के विभिन्न आयामों पर अपने विचार साझा किए। वक्ताओं ने कहा कि सहकारी मॉडल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने, रोजगार सृजन, कृषि आधारित उद्योगों के विकास तथा ऋण सुविधा की सुगमता बढ़ाने में अत्यंत प्रभावी सिद्ध हुआ है।
गोष्ठी में उपस्थित आमजन ने भी सहकार आंदोलन को गति देने, बैंकिंग सेवाओं को ग्राम स्तर तक पहुंचाने तथा किसानों को तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराने संबंधी सुझाव प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के अंत में सचिव शचीन्द्र चतुर्वेदी ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए सहकारिता को जन-जन का अभियान बनाने का आह्वान किया।