अन्य पिछडा वर्ग आयोग 24 नवम्बर को करेगा जनसुनवाई
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय)राजस्थान राज्य अन्य पिछडा वर्ग (राजनैतिक प्रतिनिधित्व) आयोग अध्यक्ष सेवानिवृत न्यायाधीश मदनलाल भाटी के नेतृत्व में सदस्यगण के साथ 24 नवम्बर को दोपहर 2 बजे से नगर निगम सभागार में जनसुनवाई करेंगे।
जिला कलक्टर कमर चौधरी ने बताया कि माननीय उच्चतम न्यायालय के आदेश के अनुसरण में आयोग स्थानीय निकायों (ग्रामीण/शहरी) में सभी स्तरों पर अन्य पिछडा वर्ग के पिछडेपन की प्रकृति एंव उसके निहितार्थों की समसामयिक एंव अनुभवजन्य तरीके से गहन जांच / अध्ययन कर राज्य की पंचायतीराज संस्थाओं एंव नगरीय निकायों के निर्वाचनों में अन्य पिछडा वर्ग के आरक्षण के संबंध में अनुशंषाएं राज्य सरकार को प्रस्तुत करेगा।
ये भाग ले सकेंगे-
उन्होंने बताया कि जनसुनवाई कार्यकम में आम जनता, राजनैतिक व्यक्तियों, हितबद्ध व्यक्तियों एंव संस्थाओं के विचार जानने हेतु उनसे चर्चा करेंगे और यदि कोई व्यक्ति, संस्था इस संबंध में लिखित ज्ञापन प्रस्तुत करना चाहे तो उसे लिया जायेगा। उन्होंने बताया कि जनसुनवाई में जिले के वर्तमान एंव पूर्व मा. सांसद, विधायकगणों, प्रमुख, उप प्रमुख, प्रधान जिला परिषद, पंचायत समिति सदस्य, नगर पालिका, नगर परिषद, नगर निगम के अध्यक्ष व सभापति को भी आमन्त्रित किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले में अन्य पिछडा वर्ग के कल्याण के क्षेत्र में कार्यरत संस्थाओं के पदाधिकारियों की उपस्थिति भी इस परिचर्चा में भाग ले सकेंगे। परिचर्चा कार्यक्रम में जिले की बार काउन्सिल के सदस्यों को भी भाग लेने के लिए अनुरोध किया गया है।