गलती से पी ली जहरीली दवा दिमागी रूप से थीं कमजोर हुई मौत
अलवर (अनिल गुप्ता)
अलवर कोतवाली थाना क्षेत्र के मेहताब सिंह का नौहरा में शुक्रवार करीब 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला आशा देवी की गलती से जहरीली दवा पी लेने से मौत हो गई।
आशा देवी कलेक्ट्रेट में रिटायर्ड जमादार की पत्नी थीं और काफी समय से दिमागी रूप से कमजोर बताई जा रही थी। परिजनों के अनुसार, उन्होंने रोजमर्रा की दवाइयों के बीच गलती से जहरीली दवा पी ली, जिसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिवार के लोग उन्हें तुरंत अलवर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद आशा देवी को मृत घोषित कर दिया। वृद्धावस्था और मानसिक कमजोरी के कारण बीते कुछ समय से आशा देवी की देखभाल घर पर ही की जा रही थी। परिजन इस हादसे से गहरे सदमे में हैं।घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी जिला अस्पताल पहुंची और मृतका के परिजनों से आवश्यक जानकारी जुटाई। हालांकि, परिवार ने शव का पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया। परिजनों का कहना है कि यह घटना पूरी तरह एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा है, और वे बिना पोस्टमार्टम के शव लेकर अंतिम संस्कार करना चाहते हैं। पुलिस ने परिजनों के लिखित में दिए गए निवेदन को मेडिकल बोर्ड के समक्ष रखा सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।