नशा मुक्त, स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण के लिए जनभागीदारी का आह्वान: चिराना में भव्य संकल्प कार्यक्रम आयोजित
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव) प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा देशव्यापी '10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान' के अंतर्गत शुक्रवार को निकटवर्ती गांव चिराना के इंदिरा पब्लिक शिक्षण संस्थान में एक गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में वक्ताओं ने नशा मुक्त, स्वस्थ और विकसित भारत के निर्माण के लिए जनभागीदारी का जोरदार आह्वान किया।
गौरतलब है कि इस महाअभियान का शुभारंभ 2 अगस्त 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उद्बोधन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ था, जिसके बाद से देश भर में जन जागृति के प्रयास निरंतर जारी हैं।
- एक सशक्त राष्ट्रीय आंदोलन है यह अभियान: सुनीता दीदी
राजयोग मेडिटेशन केंद्र की संचालिका एवं वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका ब्रह्माकुमारी सुनीता दीदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह अभियान भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के 'नशा मुक्त भारत अभियान', गृह मंत्रालय के अधीन नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के 'मिशन स्पंदन' तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की 'माय भारत' पहल को जन-जन तक पहुंचाने का एक राष्ट्रीय आंदोलन है।
उन्होंने बताया कि ब्रह्माकुमारीज देश भर में जागरूकता, मूल्यपरक शिक्षा और राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से इस पावन कार्य में सक्रिय योगदान दे रही है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ, मूल्यनिष्ठ और नशामुक्त जीवनशैली अपनाने की अपील करते हुए इस अभियान को एक जन आंदोलन बनाने की बात कही।
- सैकड़ों लोगों ने ली नशा मुक्ति की प्रतिज्ञा
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय स्टाफ, छात्र-छात्राओं और गांव के गणमान्य नागरिकों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रीय नशा मुक्ति प्रतिज्ञा ली। उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं हर प्रकार के नशे से दूर रहेंगे और अपने परिवार, समाज तथा कम से कम 10 अन्य परिवारों को नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक संजय बारी, शक्ति सिंह शेखावत, ज्योति रोहिला, सावित्री पारीक, सुभाष पारीक, जिया शर्मा, प्रियंका जांगिड़, संतोष देवी, राधा कुमावत सहित अनेक गणमान्य लोग, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

