रफ्तार का कहर , बगीचे से अमरुद भर रही खड़ी पिकअप में लोक परिवहन ने मारी टक्कर
वैर भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय)
बयाना–वैर मार्ग पर भगोरी और समराया के बीच सोमवार दोपहर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब लोक परिवहन की एक बस ने सड़क किनारे खड़ी बगीचे से अमरुद भर रही पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन के चार पलटा खाने के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं अमरुदों से भरी क्रेट खेतों में बिखर गई ।
दुर्घटना में पिकअप चालक धूमी पुत्र भरोसीलाल सैनी, निवासी समराया बयाना, गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने चालक को बाहर निकालकर बयाना उपजिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।स्थानीय लोगों के अनुसार, बस तेज गति में होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और खड़ी पिकअप में जा भिड़ा। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग पर आये दिन तेज रफ्तार के कारण दुर्घटनाएँ होती रहती हैं, लेकिन गति नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मार्ग पर गति-नियंत्रण व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।