भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय)। जिला बाल संरक्षण ईकाई एवं प्रयत्न संस्थान द्वारा होटल ईगल नेस्ट में बाल संरक्षण मुद्दों पर जिला स्तरीय अधिकारियों एव स्वयंसेवी संगठनों के साथ बुधवार को समन्वय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
बाल कल्याण समिति अध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि राजाराम भूतौली ने कहा कि बच्चों के संरक्षण संबंधित मुद्दों पर सभी विभाग एक जुट होकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से बाल संरक्षण ईकाई एवं मानव तस्करी उन्मूलन एवं स्वयंसेवी संगठन एकत्रित होकर होटलों एवं मैरिजहोम में रेस्क्यू कर कार्यवाही करने के लिए बाल कल्याण समिति सक्रिय है एवं कार्यवाही कर सकती है।
उपनिदेशक महिला अधिकारिता राजेश चौधरी ने कहा कि भरतपुर जिले में साथिनों के माध्यम से बाल विवाह मुक्त अभियान में सम्पूर्ण सहयोग प्रदान करेंगे। उन्होंनेे विभाग द्वारा संचालित विभन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
मुख्य जिला जिला शिक्षा अधिकारी अनित कुमार शर्मा ने कहा कि प्रत्येक विद्यालय में मीणा मंच, बाल मंच, एसएमसी को बाल अधिकार और बाल संरक्षण के ऊपर कभी भी विद्यालय में गतिविधि करने में विभाग सक्रिय रूप से सहयोग करेगा। प्रयत्न संस्थान एवं शिक्षा विभाग बाल विवाह मुक्त अभियान में शिक्षा विभाग भरतपुर हर प्रकार प्रशिक्षण, रैली, गोष्ठी में मदद करेगा।
अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार शर्मा ने कस्तूरबॉ गॉधी, आवासीय विद्यालय में प्रत्यन संस्था एवं विद्यालयों द्वारा गुड़ टच-बैड टच एवं बाल संरक्षण अधिकारों के बारे में भी बताया। स्टेशन अधीक्षक डीसी मीना ने कहा कि जंक्शन होते हुए जितनी भी ट्रेनें गुजरती है, उन ट्रेनों की सूचना एकत्रित कर बाल तस्करी रेस्क्यू करने के लिए रेलवे पुलिस एवं स्टेशन के समस्त कार्मिक सक्रिय रूप से सहयोग करेंगे। अजमेर कोटा मण्डल के रेलवे मण्डल से अनुमति लेकर रेस्क्यू करने में सहयोग करेंगे।
परियोजना प्रबन्धक शालो हैम्ब्रोम ने बताया कि जिले की 405 ग्राम पंचायतों के सभी गॉवों में बाल संरक्षण परियोजना संचालित हैं। उन्होंने परियोजना में की जाने वाली गतिविधियों के बारे में पीपीटी स्लाईड के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी। सभी पदाधिकारियों एवं सम्भागियों द्वारा बाल विवाह मुक्त जिला बनाने हेतु शपथ ली एवं सहमति हेतु हस्ताक्षर किया। संस्था के लीगल ऑफिसर दिनेश कुमार ने सभी अधिकारियों एवं संम्भागियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। इससे पूर्व अतिथियों ने मां सरस्वती की फोटो पर मार्ल्यापण कर दीप प्रज्जवलित कर कार्यशाला का प्रारम्भ किया। इस अवसर पर संबन्धित अधिकारी एवं स्वयं सेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।