सभी लाभार्थियों की पीसीटीएस सॉफ्टवेयर पर लाइन लिस्टिंग शत-प्रतिशत हो
स्वास्थ्य सूचकांको में सुधार के लिए करें सार्थक प्रयास - जिला कलक्टर
भरतपुर,(कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। जिसमें विभागीय योजनाओं व कार्यक्रमों की समीक्षा कर स्वास्थ्य सूचकांकों में सुधार के निर्देश दिए गए।
जिला कलक्टर ने कहा कि स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विभाग के कार्यों में लापरवाही या उदासीनता नहीं बरतें। प्रगति में बाधक तथ्यों में सुधार की आवश्यकता बताते हुए सेवाओं की प्रदायगी में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सूचकांक के मापदण्डों में जिले की रैंकिंग प्रदेश में टॉप-10 जिलों में शामिल करने के लिए अधिकारी टीमभावना से कार्य करें। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों को स्वास्थ्य विभाग की सभी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना, मुख्यमंत्री निशुल्क दवा योजना, मुख्यमंत्री निशुल्क जांच योजना, एनीमिया मुक्त राजस्थान कार्यक्रम, परिवार कल्याण कार्यक्रम व जननी सुरक्षा योजना, लाडो प्रोत्साहन योजना का बेहतरीन ढंग से संचालन कर इसकी प्रभावी मॉनिटरिंग की जाये। उन्होंने लाडो प्रोत्साहन योजना एवं जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत लाभान्वित समस्त लाभार्थियों को प्रोत्साहन राशि का समय पर भुगतान करने के निर्देश दिए। जो बकाया भुगतान रहा है उसका शीघ्र अनिवार्य रूप से भुगतान सुनिश्चित करें।
उन्होंने परिवार कल्याण कार्यक्रम अंतर्गत दो बच्चों पर नसबंदी करवाने के लिए योग्य दंपतियों को प्रेरित करने, रोगी उपचार पर्ची की बकाया एंट्रियां को शीघ्र ही ऑनलाइन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन चिकित्सा संस्थानों की डीडीसी प्रतिदिन खुलने एवं समय पर एंट्री करने, जिले की रैंकिंग में सुधार लाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कम प्रगति वाले चिकित्सा संस्थानों के प्रभारी चिकित्सा अधिकारियो को अविलंब सूचकांको में सुधार के लिए आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं एएनएम का सहयोग लेकर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी को संस्थान पर होने वाले सभी प्रसवों का इंद्राज करने एवं टीकाकरण की साईट बनाने, टीकाकरण का शत प्रतिशत इंद्राज करने के साथ ही प्री-रजिस्ट्रेशन करने के निर्देश प्रदान किये। सभी खण्ड स्तरीय अधिकारियों को प्रत्येक गुरुवार फील्ड में जाकर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
चेतावनी पत्र जारी करने के आदेश-
जिला कलक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को जिन कार्यक्रमों में जिले की रैंकिग राज्य स्तरीय रैंकिंग से कम है उनकी समीक्षा करके संबंधित चिकित्सा अधिकारी को आगामी जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक से पहले कार्य में प्रगति लाने हेतु चेतावनी नोटिस जारी करने हेतु निर्देशित किया।
प्रत्येक गर्भवती महिला एवं प्रसव की हो ट्रेकिंग-
जिला कलक्टर ने सभी खण्ड मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में रजिस्टर्ड प्रत्येक गर्भवती महिला की सभी आवश्यक जांचें की जावे तथा प्रत्येक प्रसव की ट्रेकिंग की जाये। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गर्भवती महिला की 12 सप्ताह के पहले रजिस्ट्रेशन कराने हेतु संबंधित कार्मिक को पाबंद करें। जिससे गर्भवती महिला की चार एएनसी जांच समय पर की जा सकें। उन्होंने लाइनलिस्टिंग, टीकाकरण एवं योजनाओं में कम प्रगति रिपोर्ट पर नाराजगी प्रकट करते हुए प्रगति में सुधार लाकर समय पर लाभार्थियों को प्रोत्साहन राशि का भुगतान करने हेतु निर्देश प्रदान किए गए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गौरव कपूर ने विभागीय योजनाओं की प्रगति के बारे में विस्तार से बताया। इस अवसर पर जिले के सभी चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।