कलेक्टर ने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की परखी हकीकत, अस्पताल में लापरवाही, डॉक्टर-एएनएम पर गिरी गाज
डीग (राजस्थान) सुशासन और प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से डीग जिला कलेक्टर उत्सव कौशल ने गुरुवार को जनूथर क्षेत्र का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की गई।
जिला कलेक्टर ने सबसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जनूथर का निरीक्षण किया। उपस्थिति पंजिका के अवलोकन के दौरान मेडिकल ऑफिसर डॉ. विवेक कुमार और एएनएम साधना वर्मा बिना किसी पूर्व सूचना के गैरमौजूद पाए गए।
इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए जिला कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, डीग को तत्काल प्रभाव से दोनों कार्मिकों के विरुद्ध राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के नियम 17 (सीसी) के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई का नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने अस्पताल के ओपीडी, वार्ड, एक्स-रे रूम और लैब का भी निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई और मरीजों को मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।