पानी का पाइप हटाने को लेकर दो पक्षों में लाठी-भाटा जंग, 6 लोग घायल: 3 लोग गिरफ्तार
पहाड़ी थाना क्षेत्र के गांव सावंलेर में सिंचाई के पाइप हटाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इस झगड़े में दोनों ओर से करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया और शांति भंग के आरोप में तीन लोगों को हिरासत में लिया।
पहाड़ी थानाधिकारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि खेत में सिंचाई के दौरान पानी के पाइप को हटाने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। यह कहासुनी जल्द ही लाठी-भाटा जंग में बदल गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। इस घटना में करीब आधा दर्जन महिला-पुरुष घायल हुए हैं। पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। किसी भी पक्ष की ओर से अभी तक मामला दर्ज नहीं कराया गया है।