वीर हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं ने किया शिव रुद्राभिषेक एवं हवन पूजन
सकट (अलवर) कस्बे की नदी किनारे स्थित रामेश्वर चार धाम राम एवं श्याम वीर हनुमान मंदिर में बुधवार को जय हनुमान जन उपयोगी सेवा संस्थान ट्रस्ट सकट के तत्वाधान में श्रद्धालुओं ने सामुहिक रूप से वैदिक मंत्रोच्चारणों के साथ भगवान शिव जी का महारुद्राभिषेक कर मंदिर में हवन पूजन का कार्यक्रम आयोजित किया। मंदिर के महंत रमाकांत जैमन ने बताया कि रामेश्वर चार धाम राम एवं श्याम वीर हनुमान मंदिर में जय हनुमान जन उपयोगी सेवा संस्थान ट्रस्ट सकट के तत्वाधान में गत वर्षों से चल रहे संगीतमयी अखण्ड रामचरित मानस के 22 दिसंबर को 841 पाठ पूर्ण हो जाने के उपलक्ष्य मे मंदिर में शिव महा रुद्राभिषेक एवं हवन पूजन का सामुहिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि महारूद्राभिषेक व हवन यज्ञ का कार्यक्रम दौसा के पं मनोहर लाल शर्मा के द्वारा विधिवत वैदिक मंत्रोच्चारणों के साथ सम्पन्न करवाया गया। इस मौके पर श्रद्धालुओं ने हवन-यज्ञ में शुद्ध गाय के घी एवं हवन सामग्री की आहुतियां डालकर भगवान से क्षेत्र की खुशहाली व सुख समृद्धि की कामना की। इस मौके पर मंदिर में विराजित हनुमान जी, राम व श्याम दरबार, गिरिराज धरण, द्वारकाधीश व शिव परिवार की प्रतिमाओं सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाओं की मनमोहक फूल बंगला झांकी सजाई गई। कार्यक्रम के अंत में भगवान की आरती कर श्रद्धालुओं को पंगत में बैठाकर प्रसाद वितरण किया गया।