गोविंदगढ़ में 50 साल पुराना रास्ता रोकने की कोशिश: ग्रामीणों ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, हल्का पटवारी ने किया पाबंद
अलवर के गोविंदगढ़ उपखंड क्षेत्र में एक सार्वजनिक रास्ते पर कथित अवैध निर्माण का मामला सामने आया है। खेड़ा महमूद रोड को पलानखेड़ा ग्रेवल रोड से जोड़ने वाले इस रास्ते को बाधित करने का प्रयास किया जा रहा है। इस संबंध में ग्रामीणों ने तहसीलदार बसंत कुमार परसोया को ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
- ग्रामीण बोले-50 सालों से आवागमन का रास्ता
ग्रामीणों गिर्राज शर्मा ने बताया-यह रास्ता पिछले 50 वर्षों से किसानों और आम जनता के लिए आवागमन का मुख्य साधन रहा है। यह मार्ग खेतों तक पहुंचने के साथ-साथ मस्तपुर को गंदीका कुओं और पलानखेड़ा से भी जोड़ता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि रसीद खेड़ा बास, मुस्ताक गंदिका और मिन्टू सिंह सहित कुछ प्रभावशाली लोग इस सार्वजनिक भूमि पर अवैध रूप से पक्का निर्माण करवा रहे हैं।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि इस निर्माण को तुरंत नहीं रोका गया, तो दर्जनों किसानों के लिए अपने खेतों तक पहुंचना मुश्किल हो जाएगा। रास्ता बंद होने से कृषि कार्य प्रभावित हो सकते हैं, जिससे किसानों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो सकता है।
ग्रामीणों ने तहसीलदार गोविंदगढ़ से मांग की है कि मौके पर चल रहे अवैध निर्माण को तुरंत रुकवाया जाए और संबंधित व्यक्तियों को भविष्य में ऐसा करने से रोका जाए।
- निर्माणकर्ता को किया पाबंद
इस संबंध में हल्का पटवारी गजेंद्र ने बताया-हल्का रामबास 2398/7 के पश्चिमी भाग में ओम मुनि उर्फ मिंटूसिंह पुत्र रघुवीर सिंह द्वारा 17x125 वर्ग फुट में निर्माण कार्य कराया जा रहा था।
पटवारी ने मौके पर पहुंचकर निर्माणकर्ता को पाबंद किया है। ज्ञापन सौंपते समय अशोक गुगनानी, महेंद्र, सुब्दीन, कमल सैनी, सुमन कुमार, गिर्राज प्रसाद, पलटू सैनी और मोहित सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।


