रामबास में बनी नई पानी की टंकी में लीकेज: जल जीवन मिशन योजना में भ्रष्टाचार के आरोप, अभियंता बोले - अभी ट्रायल किया है, आवश्यक कार्रवाई होगी
अलवर के गोविंदगढ़ उपखंड क्षेत्र के रामबास गांव में जल जीवन मिशन (जेजेएम) के तहत बनाई गई नई पानी की टंकी में लीकेज की समस्या सामने आई है।
यह टंकी 'हर घर जल' योजना के तहत ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से बनाई गई थी। हालांकि, करोड़ों रुपए की लागत से बनी यह टंकी लीकेज है, जिसके कारण अब तक घरों तक पानी की आपूर्ति नहीं हो पाई है। इसके अलावा गांव में बिछाई गई पाइपलाइन भी कई स्थानों पर लीकेज है, जिससे ग्रामीण योजना में खानापूर्ति का आरोप लगा रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि जेजेएम योजना की विफलता के पीछे प्रशासनिक उदासीनता और भ्रष्टाचार मुख्य कारण हैं। उनका कहना है कि सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ है और ठेकेदारों ने गुणवत्ताहीन सामग्री का उपयोग कर कार्य को सही ढंग से पूरा नहीं किया। इस मामले में अब तक किसी भी जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
इस संबंध में जलदाय विभाग के सहायक अभियंता जैकी शर्मा ने बताया कि रामबास में बनी पानी की टंकी में पानी भरकर ट्रायल किया गया था, जिसमें लीकेज की समस्या सामने आई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि लीकेज के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

