चालान नहीं, गुलाब : गोविंदगढ़ पुलिस ने जब हेलमेट के बदले पहनाई माला,सड़क सुरक्षा का अनूठा गांधीगिरी' अंदाज
गोविन्दगढ़, (अलवर) जब कानून इंसानियत के साथ कदम बढ़ाता है, तो समाज में बदलाव की नींव पड़ती है। कुछ ऐसा ही अनूठा नजारा गोविन्दगढ़ कस्बे की सड़कों पर देखने को मिला। जहाँ पुलिस हाथ में डंडा या रसीद बुक लेकर नहीं बल्कि गुलाब और माला लेकर खड़ी थी।
राज्य सरकार और पुलिस मुख्यालय के सड़क सुरक्षा अभियान के तहत थानाधिकारी धर्म सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वाहन चालकों से संवाद किया। अभियान का मकसद चालान का डर पैदा करना नहीं, बल्कि जीवन के प्रति जिम्मेदारी का एहसास कराना था। बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों को जब पुलिस ने रोका तो वे सहम गए। लेकिन जब उन्हें माला पहनाकर और गुलाब भेंट कर सुरक्षित सफर की सीख दी गई तो उनकी आँखें नम हो गईं।
थानाधिकारी धर्म सिंह ने इस मौके पर कहा कि हम चालान काटने के लिए नहीं बल्कि जीवन बचाने की चेतना जगाने के लिए मैदान में हैं। सड़क नियमों का पालन पुलिस के खौफ से नहीं बल्कि अपने परिवार के सुरक्षित भविष्य के लिए होना चाहिए।
पुलिस की इस मानवीय पहल ने यह संदेश दिया कि नियम बोझ नहीं, सुरक्षा हैं,हेलमेट मजबूरी नहीं, ज़िम्मेदारी है, एक छोटी सावधानी, किसी घर को उजड़ने से बचा सकती है। इस प्रेरणादायक अभियान ने आमजन के दिलों को छूते हुए यह साबित कर दिया कि जब समझाने का तरीका प्यार भरा हो, तो संदेश सीधा दिल तक पहुंचता है।