लक्ष्मणगढ़ के जंगल में लेपर्ड होने का शक, वन वभाग ने खेतों से पदचिह्न लिए, जांच जारी
लक्ष्मणगढ़ (कमलेश जैन) लक्ष्मणगढ़ उपखंड के मालाखेड़ा रोड सामुदायिक चिकित्सालय के पीछे खेत में स्थानीय निवासी नवयुवक कृषक इदरीश खान द्वारा तेंदुआ देखा गया। जिसकी वीडियो भी बनाई गई है।क्षेत्र के जंगल में तेंदूआ देखे जाने से कृषकों में बड़ी परेशानी और दहशत फैल गई है।
तेंदुए की रिहायशी और कृषि क्षेत्रों में मौजूदगी से मानव-वन्यजीव संघर्ष की स्थिति पैदा हो गई है। जिससे स्थानीय लोगों में जान-माल के नुकसान का डर बढ़ गया। किसानों को खेतों में काम करने से डरा दिया है।
तेंदुआ अक्सर घरेलू पशुओं, जैसे भेड़, बकरियों और गायों के बछड़ों का शिकार करता है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान का भी खतरा बढ़ गया है। तेंदुए के डर से किसान शाम के समय या रात में अपने खेतों की ओर अकेले जाने से बच रहे है, जिससे उनके कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। स्थानीय कृषकों ने वन विभाग से अभिलंब तेंदुए को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ देने की मांग की है।
रेंजर रविसिंह भाटी का कहना है कि कुछ लोगों ने खेतों में तेंदुआ देखे जाने से संबंधित सूचना दी एवं वीडियो भी उपलब्ध करवाए गए लेकिन वीडियो में स्पष्ट दिखाई नहीं देने के कारण पुष्टि नहीं हो पाई है इसके लिए टीम का गठन कर खेतों से फुटप्रिंट एवं अन्य जानकारियां जुटाई जा रही है ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके और जानवर की पहचान की जा सके।