गोविंदगढ़ में विकास की रफ्तार: स्टेट हाईवे 45 और 35 के चौड़ीकरण का काम शुरू,स्टेट हाईवे के निर्माण में बाधा बनने वाले अतिक्रमण हटेंगे, मौका मजिस्ट्रेट नियुक्त
गोविंदगढ़ (अलवर) गोविंदगढ़ उपखंड क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी और सुगम यातायात के लिए स्टेट हाईवे 45 और स्टेट हाईवे 35 के नवीनीकरण व चौड़ीकरण का कार्य अब धरातल पर उतरने लगा है। क्षेत्रीय विधायक सुखवंत सिंह की अनुशंसा पर स्वीकृत हुए इन प्रोजेक्ट्स के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) ने निर्माण प्रक्रिया शुरू कर दी है।
18 करोड़ की लागत से बदलेगी तस्वीर:-
जानकारी के अनुसार, स्टेट हाईवे-45 (रामगढ़ से गोविंदगढ़) के नवीनीकरण एवं चौड़ीकरण कार्य के लिए 18,00,27,886 रुपए का बजट आवंटित किया गया है। वहीं, जालूकी चौराहे से सीकरी वाया गोविंदगढ़ (स्टेट हाईवे-35) के लिए लगभग 16.94 करोड़ रुपए आवंटित किए गए है। और यहां पर भी सड़क चौड़ी करने का कार्य किया जाना है।
सड़क नवीनीकरण एवं चौड़ाईकरण का कार्य के अंतर्गत वर्तमान में सड़क की चौड़ाई 7.00 मीटर से 10.00 मीटर चौड़ाई में कार्य करने हेतु 15 मीटर गठन की चौड़ाई की आवश्यकता है। इन सड़कों के बनने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
अतिक्रमण पर प्रशासन का 'हंटर':-
निर्माण कार्य में बाधा बन रहे अतिक्रमण को लेकर उपखंड प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। गोविंदगढ़ से जालूकी, चिड़वाई, सिरमौर, पूठका, मारकपुर, छतरपुर, कचरोटी, बारोली और न्याणा तक रोड सीमा में किए गए अवैध कब्जों को हटाने के लिए नोटिस जारी कर दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि विकास कार्य में किसी भी तरह की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सुरक्षा और निगरानी के कड़े इंतजाम :-
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए तहसीलदार गोविंदगढ़ को 'मौका मजिस्ट्रेट' नियुक्त किया गया है। पुलिस उपअधीक्षक (लक्ष्मणगढ़) को पर्याप्त पुलिस जाब्ता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, विकास अधिकारी और अधिशाषी अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि कार्रवाई के दौरान संबंधित ग्राम विकास अधिकारी और कार्मिकों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।