बयाना-हिंडौन रेलमार्ग पर ट्रेन से टकराकर एक की मौत:घर से बाजार जाने का कहकर निकला था
बयाना-हिंडौन रेलमार्ग पर एक सरकारी स्कूल के वरिष्ठ लिपिक (यूडीसी) की ट्रेन से टकराकर मौत हो गई। मृतक की पहचान बयाना कस्बे की भावड़ा गली निवासी 52 वर्षीय लखन शर्मा पुत्र श्याम स्वरूप शर्मा के रूप में हुई है। वे बयाना ब्लॉक के गांव नारौली स्थित सरकारी स्कूल में कार्यरत थे।
मृतक के भाई राम मनोहर शर्मा ने बताया कि लखन नारौली स्कूल में यूडीसी थे और डिप्रेशन से जूझ रहे थे। वे अपना मोबाइल घर पर ही छोड़ गए थे, जिससे उनसे संपर्क नहीं हो पाया। सोमवार शाम करीब 4 बजे वे घर से बाजार जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। इसी दौरान पुलिस को गऊघाट और शेरगढ़ गांव के बीच रेल ट्रैक पर एक व्यक्ति के शव की सूचना मिली।
सूचना मिलने पर परिजन बयाना उपजिला अस्पताल पहुंचे, जहां शव की शिनाख्त लखन शर्मा के रूप में हुई।
मंगलवार सुबह पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। बयाना कोतवाली थाने के एएसआई नरेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के भाई राम मनोहर शर्मा की ओर से मर्ग रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है।

