पतंग लूटने के विवाद में हत्या: बच्चों के बीच हुए झगड़े में परिजनों ने एक-दूसरे पर किया हमला, एक घायल
भीलवाड़ा में बच्चों के बीच पतंग लूटने का विवाद इतना बढ़ गया कि दो गुट आपस में भिड़ गए। इस विवाद में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर घायल हो गया।
मामला शहर के कोतवाली थाने में बुधवार शाम कावा खेड़ा का है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को जिले के महात्मा गांधी हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।

पतंग लूटने पर हुई विवाद की शुरुआत - जानकारी के अनुसार अख्तर और भोलू राम रेगर के बच्चों में पतंग लूटने को लेकर विवाद हो गया था। बच्चों के बीच झगड़ा इतना बढ़ गया कि अख्तर और भोलू राम का परिवार भी इसमें शामिल हो गया।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर हमला कर मारपीट शुरू कर दी। इस मारपीट में अख्तर की मौत हो गई। जबकि भोलू राम के सिर पर चोट आ गई और वह घायल हो गया। उसे हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात - सूचना मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस और बड़ी संख्या में पुलिस जाप्ता वारदात स्थल और महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचा ओर मामले की पड़ताल शुरू की । फिलहाल पुलिस के आला अधिकारी मामले की जांच में जुटे है। इधर, युवक की मौत के बाद बड़ी संख्या में समाज के लोग अस्पताल इकट्ठा हो रहे हैं।

भीलवाड़ा डिप्टी सज्जन सिंह ने बताया की बुधवार दोपहर बाद पतंग की बात को लेकर में कुछ बच्चो में झगड़ा हो गया। इसके बाद मामला इतना बढ गया कि बड़ों में विवाद हो गया। मामला बढऩे के बाद हुई मारपीट में अख्तर अली पुत्र गफ्फार की मौत होने की जानकारी सामने आई है।



