गोविंदगढ़ के खेड़ा महमूद में राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया: 14 गांव की 280 किशोरियों ने खेल प्रतियोगिताओं में लिया हिस्सा
अलवर के गोविंदगढ़ ब्लॉक स्थित खेड़ा महमूद गांव में राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया गया। यह आयोजन इब्तिदा संस्था की ओर से चल रहे किशोरी शिक्षा एवं सशक्तिकरण कार्यक्रम के तहत किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खेड़ा महमूद के प्रधानाचार्य संजय गुप्ता और खेड़ा-महमूद के सरपंच नीरज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने मंच पर उपस्थित अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। राष्ट्रीय बालिका दिवस का मुख्य उद्देश्य भारत में लड़कियों की स्थिति में सुधार लाना और लैंगिक समानता को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम में लड़कियों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।
आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में क्रिकेट, खो-खो और रस्साकशी शामिल थीं। इन खेलों का उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर लड़कियों की खेलकूद में भागीदारी बढ़ाना था।
- 14 गांव की 280 किशोरियों ने लिया भाग
इस कार्यक्रम में खेड़ा महमूद गांव के निवासी, आजीविका सखी और 14 गांवों से लगभग 280 किशोरियों ने भाग लिया। इब्तिदा संस्था की ओर से दिनेश नायक, मूलचंद, बृहस्पति, मनीषा, असगर, रामवीर, शिवचरण और अनीता सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।

