उपप्रधान चुनाव: 4 में से 3 सीटों पर कांग्रेस का दबदबा, मंडावर से निजामुद्दीन खान निर्विरोध उपप्रधान
महुवा/दौसा (अवधेश अवस्थी)। महुवा विधानसभा क्षेत्र में पंचायत समिति उपप्रधान के चुनाव में कांग्रेस ने अपना दबदबा साबित किया है। शनिवार को संपन्न हुए उपप्रधान चुनाव में विधानसभा क्षेत्र की 4 पंचायत समितियों में से 3 पर कांग्रेस के उपप्रधान, जबकि 1 पंचायत समिति में भाजपा का उपप्रधान निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
चुनाव परिणाम घोषित होते ही पूरे विधानसभा क्षेत्र में जिस पार्टी का उपप्रधान बना, उसके कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। विभिन्न स्थानों पर ढोल-नगाड़े बजे, आतिशबाजी हुई और नवनिर्वाचित उपप्रधानों का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया।
मंडावर से निजामुद्दीन खान बने पहले उपप्रधान
मंडावर पंचायत समिति से कांग्रेस प्रत्याशी निजामुद्दीन खान पहले निर्विरोध उपप्रधान बने। उनके सामने किसी भी दल ने अपना प्रत्याशी नहीं उतारा।
निजामुद्दीन खान के निर्विरोध उपप्रधान बनने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आमजन ने खुशी जताई। समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत-सत्कार किया और जगह-जगह मिठाई बांटकर जश्न मनाया।
नवनिर्वाचित उपप्रधान निजामुद्दीन खान ने कहा कि मंडावर पंचायत समिति को विकास के मामले में आदर्श पंचायत समिति बनाया जाएगा तथा महिलाओं, गरीबों और किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सभी गांवों में सड़क, पानी, शिक्षा और स्वच्छता को प्राथमिकता दी जाएगी और सभी को साथ लेकर विकास कार्य कराए जाएंगे।

