जयपुर जिला प्रमुख चुनाव: कांग्रेस के यशवीर सूरा बने नए जिला प्रमुख, भाजपा के राजेश गुर्जर को 28 मतों से हराया
जयपुर / राजस्थान। जयपुर जिला परिषद के प्रमुख पद के लिए बुधवार को हुए चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी यशवीर सूरा ने शानदार जीत दर्ज की है। मतदान में यशवीर सूरा को 42 मत प्राप्त हुए, जबकि भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार राजेश गुर्जर को 14 वोट मिले। इस प्रकार यशवीर सूरा ने 28 मतों के बड़े अंतर से जिला प्रमुख का चुनाव जीत लिया।
मतदान का गणित: भाजपा को एक वोट ज्यादा, आरएलपी का एक सदस्य गैरहाजिर जिला परिषद की कुल 57 सीटों में से कांग्रेस के पास 42, भाजपा के पास 13 और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के पास 2 सदस्य थे। चुनाव में कांग्रेस को अपने सभी 42 सदस्यों के वोट मिले। वहीं भाजपा के 13 सदस्य होने के बावजूद उसके प्रत्याशी राजेश गुर्जर को 14 वोट प्राप्त हुए, यानी भाजपा को एक अतिरिक्त मत मिला। दूसरी ओर, आरएलपी के दो सदस्यों में से एक सदस्य मतदान करने नहीं पहुंचा।
वोटिंग के बीच मेन गेट पर हंगामा, पुलिस से खींचतान चुनाव प्रक्रिया के दौरान जिला परिषद के मुख्य द्वार पर हंगामे की स्थिति भी बनी। कांग्रेस के कुछ नेताओं ने मेन गेट से अंदर प्रवेश करने का प्रयास किया, जिस पर वहां तैनात पुलिस के जवानों के साथ उनकी खींचतान शुरू हो गई। इस दौरान कांग्रेस विधायक विद्याधर चौधरी की पुलिस अधिकारियों से तीखी बहस भी हुई, हालांकि बाद में समझाइश और बातचीत से मामला शांत करवा लिया गया। इससे पूर्व नामांकन के समय भाजपा नेताओं को भी अंदर जाने से रोका गया था।
सुबह ही हुई थी नाम की घोषणा कांग्रेस पार्टी ने बुधवार सुबह ही यशवीर सूरा के नाम की आधिकारिक घोषणा की थी। यशवीर सूरा जयपुर जिला परिषद के वार्ड संख्या 28 से निर्वाचित सदस्य हैं और इससे पहले यूथ कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष भी रह चुके हैं।

