षट्तिला एकादशी पर खाटूश्याम जी मंदिर में उमड़ा श्रृद्धालुओं का जन सैलाब
वैर (भरतपुर/ कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) षटतिला एकादशी एवं मकरसंक्रांति के पावन पर्व पर श्री खाटू श्याम जी महाराज मंदिर हलैना में श्रद्धालुओं का जनसैलाब बड़ी संख्या में उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिर में धार्मिक कार्यक्रम चल रहे थे, जबकि देर शाम तक श्रृद्धालु खाटूश्याम जी के दर्शनों के लिए कतारों में पंक्तिबद्ध खड़े दिखाई दिए एवं श्री खाटूश्यामजी महाराज के जयकारे लगाते रहे। खाटूश्याम जी महाराज के लगने वाले जयकारों से मन्दिर प्रांगण गुंजायमान हो उठा।मंदिर में बाबा खाटूश्याम जी का विशेष श्रृंगार किया गया, जिसमें फूल, वस्त्र और आभूषणों से सजावट की गई। खाटूश्याम जी महाराज के दर्शन कर श्रृद्धालु भावविभोर हो गए । खाटूश्याम जी मंदिर में भजन-कीर्तन का भी आयोजन हुआ। श्री खाटूश्याम जी महाराज के दर्शन करने आए श्रद्धालुओं ने अपने परिवार की सुख-शांति, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।
श्रृद्धालुओं ने षट्तिला एकादशी का व्रत रखकर श्री खाटूश्याम जी महाराज से आशीर्वाद लिया । श्री खाटूश्यामजी मंन्दिर के पंडित पुष्पेन्द्र शर्मा ने बताया कि षटतिला एकादशी के दिन तिल से बने भोग और गुड़ का दान करने का विशेष महत्व माना जाता है। इस अवसर पर भक्तों ने मंदिरों में प्रसाद चढ़ाकर दान-पुण्य कर व्रत का पुण्य प्राप्त किया। मन्दिर कमेटी ने श्रृद्धालुओं को श्री खाटूश्याम जी महाराज के दर्शन लाभ प्राप्त करने में किसी भी परेशानी का सामना न हो इसके लिए मन्दिर प्रांगण में बांस बल्ली लगाकर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की। जिससे पंक्तिबद्ध होकर भक्तगण श्री खाटूश्याम जी महाराज के दर्शन लाभ प्राप्त करने के लिए अपनी बारी का इन्तजार करते हुए दिखाई दिए । मन्दिर कमेटी ने मन्दिर प्रांगण में स्वयंसेवक भी तैनात किए जिससे कि व्यवस्था सुनिश्चित ढंग से बनी रहे और श्रृद्धालुओं को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।