भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय) 23 जुलाई। मुख्यमंत्री पौधारोपण अभियान हरियालो राजस्थान की प्रगति एवं हरियाली तीज कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग का आयोजन किया गया, जिसमें सभी उपखण्ड अधिकारी, विकास अधिकारी और जिला स्तरीय अधिकारी शामिल हुए।
जिला कलक्टर चौधरी ने कहा कि जिले में हरियालो राजस्थान अभियान के तहत लगभग 15 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, इसके लिए संबंधित अधिकारी अपने विभागवार लक्ष्यों को पूरा करने के लिए बेहतर कार्य योजना बनाये। उन्होंने आगामी 27 जुलाई को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय वन महोत्सव कार्यक्रम झील का बाड़ा में पौधरोपण करने की तैयारियों को लेकर एडीएम सिटी, डीएफओ और बयाना उपखंड अधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी उपखंड अधिकारियों को निर्देश दिए कि हरियालो राजस्थान अभियान के सफल क्रियान्वयन एवं प्रगति करने के लिए अपनी अधीनस्थ कार्मिकों के साथ समीक्षा बैठक करें। उन्होंने सभी विभागों से 24 से 27 जुलाई तक ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर पौधरोपण को लेकर जागरूकता अभियान चलाने का आह्वान किया।
जिला कलक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शीघ्र ही विभागवार पौधारोपण स्थलों का चयन कर गड्डे करने का कार्य पूर्ण करें, नर्सरियों में सम्पर्क कर लक्ष्यानुसार पौधे उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने पंचायती राज, वन, मनरेगा, राजीविका, शिक्षा, चिकित्सा, नगर निकाय सहित सभी विभागों एवं संस्थाओं को निर्देशित किया कि वे अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और शहरी एवं ग्राम स्तर तक इस कार्य को गतिशील बनाएं। उन्होंने कहा कि नेशनल हाईवे, स्टेट हाइवे, ग्राम की मुख्य सड़कों, मेडबंदी, नहरों, तालाबों व सार्वजनिक स्थलों के आसपास पौधारोपण सुनिश्चित कर जिले को हरित प्रदेश में अग्रणी बनाएं।
जिला कलक्टर ने कहा कि महाअभियान के तहत एनजीओ, सामाजिक संगठन, जनप्रतिनिधि, शैक्षणिक संस्थान, धार्मिक संगठन, हर परिवार को अभियान से जोड़ते हुए पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ठोस पहल की जाएगी। पौधारोपण के साथ-साथ उनकी देखभाल भी सुनिश्चित की जाए। जिला, उपखण्ड एवं ग्राम स्तर पर सघन पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित कर अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा अभियान को सामान्य से लेकर सामान्य सामाजिक कार्यकर्ता, शैक्षणिक सदस्य और स्वयंसेवी छात्र की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि यह एक सरकारी कार्यक्रम और सामान्य जनआंदोलन बने। उन्होने आमजन से अपील की है कि हरियाली तीज के दिन 27 जुलाई को जिले के सभी लोग पौधरोपण में बढ़ चढ़कर हिस्सा लें और अपने घरों के आसपास बड़ी संख्या में पौधे लगाएं।
जियो‑टैगिंग से होगी हर पौधे की पहरेदारी, हरियाली तीज वेशभूषा में सहभागी बने
जिला कलक्टर ने कहा कि हरियालो राजस्थान अभियान में पौधरोपण करने पर जियो-टैगिंग की जाएगी, जिससे उनकी निगरानी और सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। उन्होंने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए आवश्यकता होने पर जियो टैगिंग करने के लिए नोडल अधिकारी को ट्रेनिंग भी करवाई जाएं, जिससे जियो टैगिंग कार्य समय पर पूर्ण किया जा सके। उन्होंने कहा कि आगामी 27 जुलाई को आयोजित होने वाले वन महोत्सव पौधरोपण कार्यकम में महिलाऐं हरियाली तीज की थीम अनुसार वेशभूषा में सहभागी बने। उन्होंने कहा कि पौधरोपण करने पर वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी के साथ अभियान का व्यापक प्रचार प्रसार भी किया जाए। बैठक के दौरान बीडीए आयुक्त कनिष्क कटारिया, निदेशक घना मानस सिंह, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त कमलसिंह यादव, अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन घनश्याम शर्मा, शहर राहुल सैनी, उपखण्ड अधिकारी राजीव शर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गौरव कपूर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।