"युवा शक्ति ही आत्मनिर्भर भारत की नींव": रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह ने सहजपुर ITI में युवाओं का बढ़ाया उत्साह
अलवर/अमित खेड़ापति
अलवर जिले के रामगढ़ उपखंड के ग्राम सहजपुर स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) में 'राष्ट्रीय युवा सप्ताह' एवं 'व्यावसायिक कौशल दक्षता प्रदर्शनी' का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक सुखवंत सिंह ने शिरकत की और छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न तकनीकी मॉडलों और नवाचारों का बारीकी से अवलोकन किया।
:कौशल और नवाचार की सराहना:
प्रदर्शनी के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी व्यावसायिक दक्षता का प्रदर्शन करते हुए कई आधुनिक प्रोजेक्ट्स पेश किए। युवाओं के कौशल और उनके समर्पण को देखकर विधायक सुखवंत सिंह गदगद नजर आए। उन्होंने प्रत्येक स्टाल पर जाकर विद्यार्थियों से उनके प्रोजेक्ट्स की कार्यप्रणाली समझी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विजेताओं का सम्मान:
इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं और कौशल प्रदर्शन में अव्वल रहे प्रतिभाशाली प्रतिभागियों को विधायक द्वारा प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर युवाओं के चेहरे खिल उठे।
विधायक का संबोधन:-
उपस्थित जनसमूह और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विधायक सुखवंत सिंह ने कहा, "युवा शक्ति ही हमारे आत्मनिर्भर भारत की सबसे सशक्त नींव है। आज के इस तकनीकी युग में व्यावसायिक कौशल (Skill Development) ही सफलता की कुंजी है। युवाओं का यह नवाचार और कड़ी मेहनत यह दर्शाती है कि हमारा क्षेत्र और देश सही दिशा में आगे बढ़ रहा है।"
इस दौरान संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी, प्रशिक्षक और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे, जिन्होंने युवाओं के इस प्रयास की सराहना की।