पीएम कृषि सिंचाई योजना के कार्यों का निरीक्षण, जिला परिषद सीईओ ने सराहा भू-जल स्तर बढ़ाने वाला मॉडल
सकट. (अलवर) जिला परिषद सीईओ गौरव रविंद्र शालुखे ने जल ग्रहण विकास एवं भू संरक्षण विभाग द्वारा कराए जा रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 के अंतर्गत जिले में संचालित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति और प्रभावशीलता का आकलन किया गया। निरीक्षण के दौरान ग्राम सकट में बनाए गए फार्म पोंड, ग्राम नारायणपुर में चारागाह विकास कार्य, ग्राम बीघोता में डब्ल्यूएचएस डाबड़ी बास तथा मॉडल तालाब रिनोवेशन कार्य का अवलोकन किया गया। सीईओ शालुखे ने इन संरचनाओं से आसपास के कुओं में बढ़े भू-जल स्तर का भी निरीक्षण किया और जल संरक्षण की दिशा में किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों को चारागाह विकास कार्य के चारों ओर ट्रैक निर्माण कराने तथा सभी संरचनाओं पर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि इनका लंबे समय तक लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान पंचायत समिति राजगढ़ के विकास अधिकारी विक्रम सिंह गुर्जर, जल ग्रहण विभाग के अधिशासी अभियंता प्रहलाद मीणा, एईएन ललित महावर, जेईएन अशोक मीणा, नवीन शर्मा, नाथलवाड़ा सरपंच मुकेश मंडावरी सहित विभागीय अधिकारी व ग्रामीण उपस्थित रहे।


