साइबर संग्राम अभियानः ऑनलाइन ठगी में बाल अपचारी गिरफ्तारः लक्ष्मणगढ़ पुलिस ने मोबाइल, मोटरसाइकिल भी बरामद की
अलवर जिले में ऑनलाइन ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे 'साइबर संग्राम अभियान 2.0' के तहत लक्ष्मणगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ऑनलाइन धोखाधड़ी के आरोप में एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया है। उसके पास से एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी (आईपीएस) ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) कांबले शरण गोपीनाथ (आईपीएस) और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. प्रियंका के निर्देशन में गठित टीम द्वारा की गई। इसका उद्देश्य जिले में ऑनलाइन ठगी, सेक्सटॉर्शन, ओएलएक्स फ्रॉड, म्यूल अकाउंट, फर्जी एटीएम और फर्जी सिम (पीओएस) जैसे विभिन्न साइबर अपराधों पर नकेल कसना है।
लक्ष्मणगढ़ थानाधिकारी नेकीराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आसूचना तंत्र और तकनीकी साधनों की सहायता से इस मामले का खुलासा किया। बाल अपचारी विभिन्न सोशल मीडिया एप्लीकेशंस पर 'SASTA BAZAAR IN' नाम से सस्ते दामों में कपड़े बेचने की फर्जी पोस्ट डालकर लोगों से ऑनलाइन ठगी कर रहा था।
इस कार्रवाई में एक बाल अपचारी को निरुद्ध किया गया है। बरामदगी में एक एंड्रॉइड मोबाइल सिम के साथ और एक मोटरसाइकिल शामिल है। पुलिस ने इस संबंध में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान जारी रखा है।
पुलिस टीम में थानाधिकारी नेकीराम पु.नि., भरतलाल स.उ.नि., विजय सिंह हैड कानि. 26, प्रमोद कुमार कानि. 2022, जितेंद्र सिंह कानि. 522, अमन कुमार कानि. 925, रूपेंद्र सिंह कानि. 89, खुर्सेद कानि. 69 और नाहर सिंह कानि. चालक 1924 शामिल थे।