कलेक्टर के निर्देश पर जिलेभर में चलेगा स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान; 30 जनवरी से 13 फरवरी तक ग्राम सभाओं व स्कूलों में होंगी व्यापक गतिविधियाँ

Jan 29, 2026 - 13:08
 0
कलेक्टर के निर्देश पर जिलेभर में चलेगा स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान; 30 जनवरी से 13 फरवरी तक ग्राम सभाओं व स्कूलों में होंगी व्यापक गतिविधियाँ

सिरोही (रमेश सुथार) विश्व कुष्ठ रोग दिवस के अवसर पर जिले में 30 जनवरी से 13 फरवरी 2026 तक “स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान” का आयोजन जिला कलेक्टर सिरोही के निर्देशन में किया जाएगा। कलेक्टर द्वारा जारी आदेशों के तहत अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले की सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन कर कुष्ठ रोग के प्रति जागरूकता संदेश का पठन किया जाएगा तथा आमजन से कुष्ठ रोग से प्रभावित व्यक्तियों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव न करने की अपील की जाएगी। साथ ही ग्राम स्तर पर प्रचार-प्रसार हेतु माइकिंग कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) प्रकाशचंद अग्रवाल ने कहा कि कलेक्टर के निर्देशानुसार पंचायत स्तर पर अभियान को प्रभावी रूप से क्रियान्वित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्राम सभाओं के माध्यम से आमजन को कुष्ठ रोग के प्रति जागरूक करना, भेदभाव समाप्त करना और प्रभावित व्यक्तियों को सम्मान के साथ समाज की मुख्यधारा से जोड़ना पंचायतों की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।

कलेक्टर के आदेशों की अनुपालना में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी (समग्र शिक्षा) सिरोही द्वारा जिले के समस्त राजकीय विद्यालयों में 30 जनवरी से 13 फरवरी तक प्रार्थना सभाओं के दौरान कुष्ठ रोग के लक्षण, उपचार और भेदभाव-मुक्त समाज का संदेश देने के निर्देश जारी किए गए हैं। विद्यालयों में प्रश्नोत्तरी एवं संवादात्मक गतिविधियाँ भी आयोजित की जाएँगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सिरोही डॉ. दिनेश खराड़ी ने बताया कि कुष्ठ रोग पूरी तरह इलाज योग्य बीमारी है तथा मल्टी ड्रग थेरेपी (MDT) से रोग का पूर्ण उपचार संभव है। यह उपचार सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों पर पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध है।

उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं जिला नोडल अधिकारी (लेप्रोसी) डॉ. एस.पी. शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत विद्यालयों में जागरूकता गतिविधियाँ एवं प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम आयोजित किए जाएँगे। उन्होंने बताया कि MDT एक अत्यंत प्रभावी औषधि है, जिससे रोग पूरी तरह ठीक हो सकता है। उपचार पश्चात विकलांगता की स्थिति में रोगियों के सशक्तिकरण हेतु दिव्यांगता प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाने का भी प्रावधान है।

कुष्ठ (हैनसेन) रोग के प्रमुख लक्षण

  • ▶️ त्वचा के रंग में परिवर्तन, हल्के या फीके रंग के चकत्ते
  • ▶️ प्रभावित त्वचा में सुन्नपन
  • ▶️ त्वचा का मोटा, खुरदरा या अत्यधिक शुष्क होना
  • ▶️ हाथ-पैरों की मांसपेशियों में कमजोरी
  • ▶️ आँखों से संबंधित समस्याएँ या दृष्टि में कमी

महत्वपूर्ण संदेश

  • ✔️ कुष्ठ रोग कोई कलंक नहीं, पूरी तरह इलाज योग्य बीमारी है
  • ✔️ समय पर पहचान और MDT उपचार से रोग पूर्णतः ठीक हो सकता है
  • ✔️ उपचार सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों पर निःशुल्क उपलब्ध है
  • ✔️ शीघ्र उपचार से विकलांगता रोकी जा सकती है

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................