भाजपा मण्डल कठूमर में कार्यकर्ताओं के साथ अनदेखी से पार्टी हो रही है कमजोर
कठूमर में पार्टी के सिंबल से जीते जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी प्राथमिक सदस्यता से दे रहे हैं इस्तीफा
कठूमर (दिनेश लेखी) भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के अध्यक्ष डॉ. दिगम्बर चौधरी ने जिला अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी दक्षिण अलवर को पत्र लिखकर कठूमर मण्डल में भाजपा के मूल और मजबूत कार्यकर्ताओं के साथ हो रही अनदेखी की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि 40 साल पुराने कार्यकर्ताओं और युवा मोर्चा के सदस्यों को मीटिंग में नहीं बुलाया जाता है और निजी 2-4 लोगों के साथ मीटिंग की जाती है।
भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा मण्डल कठूमर अध्यक्ष डॉ. दिगम्बर चौधरी ने पत्र में बताया कि कठूमर मण्डल में पुराने बूथ अध्यक्षों को हटा दिया गया है और कथित लोगों को ले लिया गया है। पार्टी की पूरी कार्यकारिणी और मोर्चा अध्यक्ष नहीं बन पाने से कार्यकर्ताओं में जोश नहीं है। कई कार्यकर्ता कांग्रेस में चले गए हैं जिससे पार्टी को नुकसान हुआ है। 2024 के लोकसभा चुनावों में कांग्रेस का साथ देने वाले लोग अब भाजपा में अहम पदों पर हैं। पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा था कि पुराना कार्यकर्ता जीत की गारंटी है और उन्हें पार्टी से दूर नहीं करना चाहिए।
वही डॉ. चौधरी ने निवेदन किया है कि पार्टी के कार्यकर्ताओं की मन की बात जानकर पार्टी के हित में विचार किया जाए और पुराने कार्यकर्ताओं को महत्व दिया जाए ताकि पार्टी मजबूत बन सके।

