निर्जरा धाम राणासर में धर्म ध्वज पताका फहराई; 108 कुंडीय लक्ष्मीनारायण महायज्ञ 8 मार्च से होगा शुरू
झुंझुनूं (सुमेरसिंह राव) नीमकाथाना के निर्जरा धाम राणासर में 8 से 16 मार्च तक 108 कुंडीय श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस महायज्ञ के शुभारंभ से पूर्व शनिवार को निर्जरा धाम में धर्म ध्वज पताका फहराई गई।
ध्वज पताका फहराने का यह कार्यक्रम बरड़ा धाम नागौर के श्री श्री 108 श्री सीताराम दास जी महाराज और बिहारी दास जी महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ।
उल्लेखनीय है कि श्री श्री 108 श्री सीताराम दास जी महाराज, बरड़ा धाम नागौर के सानिध्य में यह 106वां यज्ञ होगा। इससे पूर्व उनके मार्गदर्शन में विभिन्न स्थानों पर 105 यज्ञ संपन्न हो चुके हैं।
मदनलाल भावरिया के अनुसार, 108 कुंडीय श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ के प्रधान कुंड पर नीमकाथाना के किरोड़ी लाल मोदी और छगन मोदी विराजमान होंगे।
इस अवसर पर छगनलाल मोदी, राणासर सरपंच प्रतिनिधि राजकुमार, सुभाष, कृष्ण कुमार यादव, गीगाराम सैनी, बजरंग लाल शर्मा, महेंद्र तेतरवाल सहित राणासर ग्राम पंचायत और आसपास के क्षेत्रों के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।