कठूमर में लेफ्टिनेंट चिराग शर्मा का किया भव्य स्वागत; खेरली से ब्रह्मपुरा तसई तक निकाला जुलूस, ग्रामीणों ने फूल बरसाकर किया स्वागत
कठूमर (दिनेश लेखी) ब्रह्मपुरा (तसई) निवासी लेफ्टिनेंट चिराग शर्मा का भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनने के बाद पहली बार अपने पैतृक गांव पहुंचने पर भव्य और ऐतिहासिक स्वागत किया गया। क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और ग्रामीणों ने अपने गांव के बेटे का गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
लेफ्टिनेंट चिराग शर्मा ने कठूमर पहुंचकर जैन अहिंसा सर्किल पर पुष्प अर्पित कर क्षेत्र और देश की खुशहाली की कामना की। समाजसेवी भूमि दत्त शर्मा ने बताया कि लेफ्टिनेंट चिराग शर्मा की इस उपलब्धि से पूरे गांव में उत्सव का माहौल बन गया। लेफ्टिनेंट चिराग शर्मा के ताऊ नरेंद्र शर्मा, वेद शर्मा, अनिल शर्मा और चाचा प्रदीप शर्मा ने बताया कि खेरली मोड़, खेरली विद्या स्थली, टोल, टैगोर सीनियर सेकेंडरी स्कूल सहित कई स्थानों पर ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर लेफ्टिनेंट चिराग शर्मा को खुली जीप में बैठाकर ढोल-नगाड़ों और “भारत माता की जय” के नारों के साथ पूरे गांव में जुलूस निकाला गया। ग्रामीणों का कहना है कि लेफ्टिनेंट चिराग शर्मा की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और इससे अन्य युवाओं को भी सेना में जाकर देश सेवा करने की प्रेरणा मिलेगी।