संभागीय आयुक्त ने की रूपवास में जनसुनवाई; सभी विभाग त्रिस्तरीय जनसुनवाई को गम्भीरता से लेकर आमजन को राहत दें-संभागीय आयुक्त
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया ने गुरूवार को ब्लॉक स्तरीय जनसुनवाई में पंचायत समिति रूपवास में भाग लेकर आमजन के परिवाद सुने तथा संबन्धित अधिकारियों से वस्तुस्थिति के बारे में जानकारी लेकर समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
संभागीय आयुक्त ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप नागरिकों की समस्याओं को स्थानीय स्तर पर समयबद्धता से निराकरण किया जाये जिससे बार-बार कार्यालयों के चक्कर नही लगाने पडे़। उन्होंने कहा कि सम्पर्क पॉर्टल पर दर्ज समस्या हो या कार्यालय में नियमित सुनवाई के समय प्राप्त हुई हो अधिकारी स्वयं के स्तर पर जांच कर संवेदनशीलता से समस्याओं का निराकरण करें। उन्होंने कहा कि आमजन को प्रभावित करने वाली मूलभूत सुविधाओं से संबन्धित समस्याओं का त्वरित निराकरण कर परिवादी को विभागीय कार्यवाही से भी अवगत कराऐं। उन्होंने मौसम को देखते हुए ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति, पेयजल उपलब्धता के लिए संबन्धित विभागों को कार्ययोजना बनाकर सुदृढ व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रबी फसल कटाई का समय है ऐसे में अग्निजनित घटनाऐं नहीं हो यह भी सुनिश्चित किया जाए। सभी चिकित्सा संस्थानों में मौसम जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यक दवाओं के साथ मुख्यालय पर रखने के लिए पाबंद करें।
संभागीय आयुक्त ने जनसुनवाई करते हुए अतिक्रमण से संबधित परिवादों में तहसीलदार को त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन, विभिन्न योजनाओं के पात्रजनों के दस्तावेज तैयार करने में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतने की बात कही। उन्होंने खाद्य सुरक्षा योजना के लाभार्थियों से संबंधित शिकायतों के लिए प्रवर्तन अधिकारी को जांच कर पात्रता के आधार पर राहत प्रदान करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में तहसील से संबंधित 07, विद्युत निगम से संबंधित 03, रसद विभाग की 04, चम्बल परियोजना से संबंधित 02, पंचायती राज, जलदाय विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग, नगर पालिका से संबंधित 01-01 परिवाद प्राप्त हुए जिनका समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
उन्होंने उपखंड अधिकारी को आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति बनाए रखने के लिए नियमित विभागीय अधिकरियों से समन्वय कर आमजन को राहत देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी परिवादी द्वारा बताई गई समस्या का समय पर निराकरण नहीं होने को गम्भीरता से लिए जाएगा। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी रूपवास विष्णु बंसल, खंड विकास अधिकारी कोमल शर्मा, तहसीलदार अमित शर्मा सहित उपखंड स्तरीय सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहें।