राजकीय महाविद्यालय वैर में जीवन रक्षक सीपीआर (CPR) प्रशिक्षण आयोजित: आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए विद्यार्थियों को सिखाए गुर
वैर / कोशलेन्द्र दत्तात्रेय
राजकीय महाविद्यालय वैर में विद्यार्थियों और महाविद्यालय स्टाफ को आपातकालीन परिस्थितियों में किसी व्यक्ति का जीवन बचाने की महत्वपूर्ण तकनीक से अवगत कराने के उद्देश्य से विशेष सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इस सत्र के दौरान प्रतिभागियों को सीपीआर की आवश्यकता, इसकी सही प्रक्रिया और किसी भी आपात स्थिति में प्राथमिक सहायता प्रदान करने के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी गई।
सीपीआर से बचाई जा सकती है अनमोल जिंदगी
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य बनवारी लाल बैरवा ने अपने संबोधन में कहा कि सीपीआर का प्रशिक्षण आज के समय में अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि किसी भी मेडिकल इमरजेंसी या दुर्घटना की स्थिति में यदि सही समय पर पीड़ित को सीपीआर दे दिया जाए, तो बहुमूल्य जीवन बचाया जा सकता है।
व्यावहारिक प्रदर्शन के साथ हुई जानकारी
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहायक आचार्य भूपेंद्र सिंह, सहायक आचार्य रामप्रसाद मीणा और सहायक आचार्य गौतम कुमार मीणा सहित महाविद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे। सत्र के दौरान प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को सीपीआर देने की सही प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया गया, जिससे छात्र-छात्राओं ने इस जीवन रक्षक तकनीक को बारीकी से समझा।

