तखतगढ़: राजकीय विद्यालय में विद्यार्थियों को बांटे स्कूल किट और बैग, पार्षद के निजी खर्चे से शौचालय निर्माण कार्य शुरू
तखतगढ़ / बरकत खां:
तखतगढ़ के धोरावास स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय नंबर 3 में सोमवार को एक सेवा-सरोकार कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कांग्रेस पार्टी से वार्ड नंबर 18 के पार्षद मनीष परिहार ने विद्यार्थियों को स्कूल बैग एवं शिक्षण किट वितरित किए। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराकर उनकी शिक्षा में सहयोग प्रदान करना रहा।
सेवा और सहयोग भारतीय संस्कृति की पहचान
इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए पार्षद मनीष परिहार ने कहा कि सेवा और सहयोग हमारी भारतीय संस्कृति की मुख्य पहचान है। जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा में मदद करना समाज के प्रति हमारा नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला है, और बच्चों को आवश्यक सामग्री मिलने से उनका उत्साह बढ़ता है।
निजी खर्च से करवाया शौचालय निर्माण शुरू
कार्यक्रम के दौरान एक सराहनीय पहल देखने को मिली, जब पार्षद मनीष परिहार ने अपने खुद के निजी खर्चे से विद्यालय में शौचालय निर्माण कार्य का शुभारंभ करवाया। इस जनहितैषी कार्य और विद्यार्थियों को किट वितरित करने पर विद्यालय परिवार और विद्यार्थियों द्वारा पार्षद का माला पहनाकर और साफा बंधवाकर भव्य स्वागत व आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर उप तहसीलदार जितेंद्र बेबरवाल, प्रधानाध्यापक दीपक चौधरी, सत्तार खां मोयला, मांगीलाल मीणा सहित समस्त विद्यालय स्टाफ और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

