बावड़ी और गंगाणी में विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत रक्तदान शिविर आयोजित: 55 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से किया रक्तदान
बावड़ी: प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित रक्तदान शिविर में युवाओं ने किया 55 यूनिट रक्तदान, सीएमएचओ का मनाया जन्मदिन
बावड़ी (मिश्रीलाल लखारा)
विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत सोमवार को बावड़ी और गंगाणी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) पर भव्य रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में क्षेत्र के युवाओं और प्रबुद्ध नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कुल 55 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता का परिचय दिया।
युवाओं में दिखा जबरदस्त उत्साह
सलमान शाह ने बताया कि शिविर के दौरान युवाओं में रक्तदान को लेकर अभूतपूर्व उत्साह देखा गया। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक अत्यंत नेक और महादान है, जिसके माध्यम से किसी जरूरतमंद की बहुमूल्य जिंदगी बचाई जा सकती है। शिविर की सफलता में पीएचसी गंगाणी के समस्त चिकित्सा एवं स्वास्थ्य स्टाफ ने भी पूरी तन्मयता से सहयोग किया।
सीएमएचओ का जन्मदिन और आभार व्यक्त
इस अवसर पर शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सीएमएचओ जोधपुर ग्रामीण डॉ. जितेंद्र सिंह चारण का जन्मदिन भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। उपस्थित अधिकारियों और पीएचसी स्टाफ ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में सीएमएचओ डॉ. जितेंद्र सिंह चारण के अलावा प्रेमलता प्रजापत, वेद प्रकाश दाधीच, भंवरलाल भादू, भगाराम ईनाणिया, दिनेश मुंडेल, मनोहर दाधीच, पंकज शर्मा, रविलाल खारवाल, सुनील गहलोत और प्रवीण फोटोग्राफर सहित कई अधिकारी व गणमान्यजन मौजूद रहे। अंत में डॉ. अनिल मुंडेल ने सभी रक्तदाताओं, युवा साथियों, अधिकारियों, चिकित्सा स्टाफ और आयोजन में सहयोग करने वाले समस्त क्षेत्रवासियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।

