डीग शहर में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकालकर लोगों को दिया सुरक्षा का संदेश
डीग (नीरज जैन) 13 मार्च। डीग जिला मुख्यालय पर शुक्रवार देर शाम पुलिस प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से शहर में फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च का नेतृत्व सीओ सीताराम वैरवा ने किया।
फ्लैग मार्च शहर के प्रमुख मार्गों और बाजारों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस बल ने संवेदनशील क्षेत्रों, मुख्य चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पैदल मार्च करते हुए लोगों को शांति और सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
सीओ सीताराम वैरवा ने बताया कि शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर फ्लैग मार्च और गश्त की जाती है ताकि असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखी जा सके और लोगों में सुरक्षा का भरोसा बना रहे।
फ्लैग मार्च में शहर कोतवाली प्रभारी रामनरेश मीणा, एस आई अमर सिंह और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।