जोधपुर: ज्वेलरी कारखाने में 50 लाख की चोरी का खुलासा, पश्चिम बंगाल के दो शातिर चोर गिरफ्तार
जोधपुर / राजस्थान
शहर के हृदय स्थल सदर बाजार क्षेत्र में एक ज्वेलरी कारखाने का ताला तोड़कर करीब 50 लाख रुपये का सोना चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस थाना सदर बाजार की विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी का 253 ग्राम सोना और 10 ग्राम चांदी बरामद करने में सफलता हासिल की है।
क्या था पूरा मामला?
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) पी.डी. नित्या ने बताया कि 9 मार्च 2026 को पीड़ित सोमेन मंडल ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट के अनुसार, 8 मार्च की रात को घोड़ा चौक स्थित 'कृष्णा ज्वैलर्स' का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने वहां रखा करीब 350 ग्राम सोना पार कर दिया था। यह सोना अलग-अलग ज्वैलर्स ने कारीगर को आभूषण बनाने के लिए दिया था।
तेलंगाना में दी दबिश, पुलिस टीम को मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी माणकराम विश्नोई के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों को जुटाया। जांच के तार तेलंगाना से जुड़े, जिसके बाद स्थानीय पुलिस के सहयोग से घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
-
आशिफुल मल्लिक (34): निवासी हुगली, पश्चिम बंगाल (मुख्य आरोपी)
-
मोहम्मद सिकंदर (35): निवासी हुगली, पश्चिम बंगाल
रेकी कर देते थे वारदात को अंजाम
पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी आशिफुल मल्लिक एक शातिर अपराधी है। यह गिरोह देश के विभिन्न राज्यों में घूमकर पहले सुनसान इलाकों या उन दुकानों की रेकी करता था जहाँ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं होते थे। रात के सन्नाटे में ताले तोड़कर बड़ी सफाई से कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाते थे। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।