नशे के खिलाफ महाअभियान: एडिशनल एसपी बोले—एमडी और स्मैक जैसे घातक नशे युवाओं को बना रहे अपराधी

Jun 30, 2026 - 19:48
Jun 30, 2026 - 19:50
 0
नशे के खिलाफ महाअभियान: एडिशनल एसपी बोले—एमडी और स्मैक जैसे घातक नशे युवाओं को बना रहे अपराधी

जोधपुर (बरकत खान) स्थानीय बुझावड़ स्थित मौलाना आज़ाद यूनिवर्सिटी परिसर में मंगलवार को ‘एक युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान‘ का भव्य समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। मौलाना आज़ाद यूनिवर्सिटी और नवीन जोधाणा जागरूक मंच संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में पिछले दो महीनों से यह जागरूकता अभियान चलाया जा रहा था।

समारोह के मुख्य वक्ता पुलिस कमिश्नरेट (पश्चिम) के एडिशनल एसपी नरेंद्र देवड़ा ने युवाओं को संबोधित करते हुए एक बेहद गंभीर मुद्दे पर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि एमडी और स्मैक जैसे घातक नशे बच्चों को अपराधी बना रहे हैं। नशा तस्कर पहले बच्चों को मुफ्त में इसकी लत लगाते हैं और बाद में मोटी रकम वसूलते हैं। पैसे न होने पर उनसे नशीले पदार्थों की डिलीवरी कराई जाती है, जिससे जाने-अनजाने में युवा अपराध की दुनिया में कदम रख देते हैं। उन्होंने युवाओं को भविष्य में कभी नशा न करने का संकल्प दिलाया और आसपास हो रही अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस व मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो (NCB) को देने की अपील की।

  • गुटखे के सेवन से आर्थिक व शारीरिक नुकसान

विश्वविद्यालय के चेयरपर्सन मोहम्मद अतीक ने गुटखे के बढ़ते चलन पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज गरीब और कमजोर परिवारों के लोग बड़े पैमाने पर गुटखे का शिकार हो रहे हैं। इससे वे आर्थिक और शारीरिक दोनों रूप से बर्बाद हो रहे हैं, जिसे केवल सामाजिक जागरूकता से ही रोका जा सकता है। वहीं, यूनिवर्सिटी प्रेसिडेंट डॉ. ज़मील काज़मी ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सुझाव दिया कि नशे के खिलाफ बनाई गई पोस्टरों की प्रदर्शनी मोहल्ले-मोहल्ले में लगाई जानी चाहिए ताकि आमजन तक सीधा संदेश पहुंचे।

  • सहानुभूति और सही इलाज से सुधरेंगे हालात

नवीन जोधाणा जागरूक मंच संस्थान के संस्थापक साजिद खान जोधाणा ने अपने अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि समाज को नशा पीड़ितों को दुत्कारने के बजाय सहानुभूति और सही इलाज की मदद से एक स्वस्थ नागरिक बनाने का प्रयास करना चाहिए।

  • विजेता प्रतिभागी हुए सम्मानित

कार्यक्रम प्रभारी डॉ. मरजीना ने बताया कि गत 26 जून को 'अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध दिवस' के अवसर पर पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। समारोह में प्रतियोगिता की विजेता रिजा अली सय्यद, अन्नया, सीता गोयल, हिना हुसैन और आशना सय्यद को नकद पुरस्कार एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही अरमान खान, लियाकत अली, सानिया बानो, वसुधा ओझा और मंजू के पोस्टरों को भी श्रेष्ठ मानकर सराहा गया।

इस दौरान मारवाड़ मुस्लिम एज्यूकेशनल एण्ड वेलफेयर सोसायटी के सदस्य अफजल कुरैशी, अब्दुल रहीम सांखला, समाजसेवी जावेद हुसैन, डीन एकेडमिक्स डॉ. इमरान खान पठान सहित भारी संख्या में स्टाफ और छात्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत छात्र हम्जा द्वारा तिलावते कुरान से हुई, जबकि मंच संचालन डॉ. अब्दुल्लाह खालिद और डॉ. मरजीना ने किया।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................