खैरथल-तिजारा जिले को कमजोर करने की साजिश: बलराम यादव
खैरथल (हीरालाल भूरानी)
खैरथल-तिजारा कांग्रेस जिला अध्यक्ष बलराम यादव ने आज जिला कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की। बैठक में जिले से जुड़े प्रशासनिक मामलों पर चर्चा करते हुए उन्होंने राज्य सरकार की नीतियों पर नाराज़गी व्यक्त की।
बलराम यादव ने कहा कि पिछले चार महीनों से खैरथल-तिजारा में नियमित कलेक्टर की नियुक्ति नहीं की गई है, जिससे प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं और आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में जारी हुई नई सूची में जिले के एसपी को भी हटाकर भिवाड़ी लगा दिया गया है, जिससे जिले की प्रशासनिक व्यवस्था और कमजोर हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की मंशा ठीक नहीं है और ऐसा प्रतीत होता है कि धीरे-धीरे कांग्रेस सरकार के समय बनाए गए नए जिले खैरथल-तिजारा को कमजोर करने और समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है।
बलराम यादव ने कहा कि खैरथल-तिजारा जिले की पहचान और प्रशासनिक व्यवस्था को कमजोर करने की किसी भी कोशिश को कांग्रेस कार्यकर्ता बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने सरकार से जल्द स्थायी कलेक्टर और एसपी की नियुक्ति करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन का रास्ता अपनाएगी।
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष विक्की चौधरी, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष जयप्रकाश हेडाऊ, जिला कांग्रेस जिला सचिव फतेह मोहम्मद ,कांग्रेस जिला महासचिव निक्की प्रजापत ,पार्षद मनोज बुराडिया, यूथ कांग्रेस प्रदेश सचिव रामनिवास प्रजापत, पार्षद राहुल, दौलत नागर ,नगर कांग्रेस शिक्षक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष भरत चौधरी, पार्षद अर्जुन ठाकुर ,संजय गुर्जर हनुमान गुर्जर सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।