मौसम बदलने की चिंता; खेत से सरसों निकलवाने में जुटे ' किसान, मशीनों का किराया 200 रुपए प्रति बीघा बढ़ा
खैरथल (हीरालाल भूरानी)
मार्च के पहले दस दिनों में लगातार बढ़े तापमान और गुरुवार से मौसम के अचानक बदलने की आशंका ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। संभावित खराब मौसम को देखते हुए किसान अपनी तैयार सरसों की फसल जल्द निकालने में जुट गए हैं। खेतों में किसान परिवारों और मजदूरों के साथ दिन-रात फसल निकालने का काम कर रहे हैं, ताकि उपज को सुरक्षित स्थान पर रखा जा सके। किसान सरदार खान, जगमाल सिंह और बलबीर सिंह ने बताया कि मौसम खराब होने की संभावना के कारण तैयार सरसों को जल्दी से जल्दी खेतों से निकलवाया जा रहा है। कई किसान रात तक खेतों में काम कर रहे हैं, ताकि फसल बारिश या तेज हवा से खराब न हो।
इधर, अचानक बढ़ी मांग के चलते सरसों निकालने वाली मशीनों का किराया भी बढ़ गया है। किसानों के अनुसार पहले मशीनें करीब 1000 रुपए प्रति बीघा में काम कर रही थी, लेकिन मौसम बिगड़ने की आशंका के चलते संचालकों ने 200 रुपए प्रति बीघा तक किराया बढ़ा दिया, जिससे किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिले में इस बार 84995 हेक्टेयर क्षेत्र में सरसों की बुवाई की गई है और 179550 मीट्रिक टन उत्पादन का लक्ष्य रखा गया था। हालांकि बढ़ते तापमान और मौसम के प्रभाव से करीब 4% तक उत्पादन घटने की आशंका जताई जा रही है। विभागीय जानकारी के मुताबिक जिले में अब तक करीब 80% सरसों की कटाई हो चुकी है, जबकि 40% से अधिक फसल खेतों से निकलवाई जा चुकी है।