चुनावी मोड में भाजपा: सीएम ने भीलवाड़ा संगठन से टटोली नब्ज, ' चुनावी रणनीति पर मंथन'
भीलवाड़ा, (बृजेश शर्मा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा से शिष्टाचार भेंट कर जिले के प्रशासनिक, राजनीतिक एवं संगठनात्मक हालात पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भीलवाड़ा जिले के कामकाज को लेकर जमीनी स्तर का फीडबैक लिया।
जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया के अनुसार, मुख्यमंत्री ने केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति, प्रशासनिक कार्यशैली तथा पुलिस व्यवस्था को लेकर बिंदुवार जानकारी प्राप्त की। साथ ही जनप्रतिनिधियों की सक्रियता और संगठन व कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय को लेकर भी समीक्षा की गई।
बैठक में आगामी पंचायती राज एवं निकाय चुनावों को ध्यान में रखते हुए जिले की राजनीतिक परिस्थितियों और संभावित समीकरणों पर भी गहन मंथन हुआ। मुख्यमंत्री ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा भाजपा की ऐतिहासिक जीत के लिए ठोस रणनीति बनाने पर जोर दिया। इसके साथ ही वैचारिक प्रशिक्षण शिविरों की प्रभावशीलता और कार्यकर्ताओं के बौद्धिक विकास पर भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने जिले की वर्तमान राजनीतिक स्थिति, संगठन की आगामी कार्ययोजना और आमजन की अपेक्षाओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने भरोसा जताया कि भीलवाड़ा भाजपा का मजबूत गढ़ बना रहेगा और आगामी स्थानीय चुनावों में पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मेवाड़ा द्वारा दिए गए सुझावों को गंभीरता से लेते हुए भीलवाड़ा जिले के विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ गति देने का आश्वासन दिया।