नगर पालिका मुण्डावर की मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन, 7 अप्रैल तक किए जा सकेंगे नाम जुड़वाने के आवेदन
खैरथल (हीरालाल भूरानी) राज्य निर्वाचन आयोग राजस्थान द्वारा नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के लिए जारी कार्यक्रम के तहत मंगलवार को नगर पालिका मुण्डावर के सभी वार्डों की मतदाता सूची (निर्वाचक नामावली) का प्रारूप प्रकाशित किया गया।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एसडीएम) मुण्डावर सृष्टि जैन ने बताया कि कोई भी पात्र मतदाता नगर पालिका की मतदाता सूची से वंचित न रहे, इसके लिए प्रारूप प्रकाशन के साथ ही 24 मार्च से 7 अप्रैल 2026 तक नए नाम जोड़ने के लिए आवेदन किए जा सकेंगे। जो व्यक्ति 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुका है, वह नगर पालिका मुण्डावर के लिए स्थापित मतदान केन्द्रों पर नियुक्त प्रगणकों के माध्यम से अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने हेतु आवेदन कर सकता है।
उन्होंने बताया कि 25 मार्च 2026 को वार्डों एवं मतदान केन्द्रों पर प्रारूप मतदाता सूची का पठन किया जाएगा। इसके अलावा राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा 29 मार्च 2026 (रविवार) तथा 5 अप्रैल 2026 (रविवार) को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। इन तिथियों पर पदाभिहित अधिकारी (प्रगणक) प्रातः 9 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान केन्द्रों पर उपस्थित रहकर दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे।
निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद 22 अप्रैल 2026 (बुधवार) को नगर पालिका मुण्डावर के सभी वार्डों की मतदाता सूचियों (निर्वाचक नामावलियों) का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। जिले के सभी नगर निकायों में उक्त कार्यक्रम अनुसार ही मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।