डीग में अत्याधुनिक फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट से शहर की स्वच्छता व्यवस्था में व्यापक सुधार आएगा - शैलेश सिंह
विधायक डॉ सिंह ने 3 .63 करोड़ रुपए की लागत से स्थापित; फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट का किया लोकार्पण
डीग (नीरज जैन) मार्च।डीग शहर में मालीपुरा रोड पर विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने 3.63 करोड़ की लागत से स्थापित 15 के एल डी क्षमता वाले अत्याधुनिक फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट का फीता काट कर ओर बटन दबा कर लोकार्पण किया।
यह प्लांट आधुनिक एमबीबीआर तकनीक से सुसज्जित है, जो फीकल स्लज के वैज्ञानिक एवं सुरक्षित उपचार को सुनिश्चित करेगा। इस परियोजना से 45 हज़ार नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा, जिससे शहर की स्वच्छता व्यवस्था में व्यापक सुधार आएगा तथा भूजल एवं पर्यावरण प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा।
इस अवसर पर विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वच्छता, सुशासन और सतत विकास के मूल सिद्धांतों पर कार्य करते हुए प्रदेश के प्रत्येक नगर और गांव को आधुनिक सुविधाओं से सशक्त बनाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि डीग में स्थापित यह प्लांट न केवल स्वच्छ भारत मिशन की अवधारणा को मजबूती देगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करेगा।
डॉ सिंह ने कहा कि यह परियोजना जनस्वास्थ्य के दृष्टिकोण से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे जलजनित बीमारियों में कमी आएगी और नागरिकों को स्वच्छ वातावरण प्राप्त होगा।
उन्होंने इस परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए राज्य सरकार, RUIDP, संबंधित अधिकारियों, तकनीकी विशेषज्ञों एवं सभी हितधारकों का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने शहर वासियों से अपील की कि वे इस सुविधा का समुचित उपयोग करते हुए स्वच्छता बनाए रखने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना डीग नगर के समग्र एवं सतत विकास की दिशा में एक सशक्त कदम है, जो आने वाले समय में क्षेत्र को स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण के अनुकूल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर एडीएम , नगर परिषद आयुक्त कुलदीप सिंह, भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष ललित तिवारी, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष राकेश गिरसे, पूर्व मंडल अध्यक्ष अनिल गुप्ता, जगदीश टकसालिया, राजेंद्र खंडेलवाल सहित मंडल पदाधिकारीगण व पार्षदगण मौजूद रहे।